Sonbhadra News : जोत-कोड़ कर अतिक्रमण कर रहे दो लोगों पर केस दर्ज, ट्रैक्टर व कल्टीवेटर जब्त
क्षेत्रीय वन अधिकारी के निर्देश पर वनकर्मियों ने मौके से एक ट्रैक्टर मय कल्टीवेटर बरामद कर जब्त कर लिया।

sonbhadra
5:23 PM, October 6, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुईचट्टान बीट में आरक्षित वन भूमि पर जोत-कोड़ कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया।
रेंजर रत्नेश यादव के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे हरनाकछार निवासी उमेश कुमार पुत्र फजीहत और कमलेश कुमार पुत्र गंगाधर ट्रैक्टर से वन भूमि की जुताई कर रहे थे। गश्त के दौरान वन टीम की नजर पड़ने पर दोनों को मौके पर पकड़ा गया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी के निर्देश पर वनकर्मियों ने मौके से एक ट्रैक्टर मय कल्टीवेटर बरामद कर जब्त कर लिया। दोनों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम-1927 (यथासंशोधित 2000) की धारा 26 के तहत अपराध पंजीकृत कर अग्रिम विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




