Sonbhadra news : जमीन विवाद में मारपीट का मामला बना जानलेवा, घायल महिला की मौत
ग्राम पंचायत कुड़वा के तुमिया टोला में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

sonbhadra
8:25 PM, September 13, 2026
पीके विश्वकर्मा (संवाददाता)
-- 17 दिन पहले कुड़वा के तुमिया टोला में हुई थी मारपीट, सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
कोन, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा के तुमिया टोला में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की दोपहर जमीन संबंधी विवाद को लेकर पड़ोस के कुछ लोगों ने विद्यावती (50) पत्नी कैलाश प्रसाद गुप्ता के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। हमले में विद्यावती के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें उपचार के लिए राबर्ट्सगंज ले गए, जहां करीब 16 दिनों से उनका इलाज चल रहा था।
रविवार सुबह राबर्ट्सगंज स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान विद्यावती ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना पर उनके पुत्र महावीर प्रसाद गुप्ता ने कोन थाने में लिखित तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही कोन पुलिस ने शव का राबर्ट्सगंज में पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मारपीट के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




