Sonbhadra News : महंगाई की मार से 'बंद' हुई कार, सपाइयों ने धक्का मारकर जताया विरोध
सोनभद्र में लगातार बढ़ती डीजल-पेट्रोल की कीमतों और बेलगाम महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर बंद कार को धक्का मारकर अनोखा प्रदर्शन किया। सपाइयों ने......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:45 PM, May 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सोनभद्र में लगातार बढ़ती डीजल-पेट्रोल की कीमतों और बेलगाम महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर बंद कार को धक्का मारकर अनोखा प्रदर्शन किया। सपाइयों ने भाजपा सरकार पर आम जनता का शोषण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों ने जहां परिवहन व्यवस्था को प्रभावित किया है, वहीं खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की हर चीज महंगी हो गई है, जिससे आम आदमी की कमर टूट चुकी है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि "सरकार अहंकार की पराकाष्ठा पार कर चुकी है और जनता पर महंगाई का हंटर चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरी तरह पूंजीपतियों के इशारों पर काम कर रही है और आम जनता का शोषण किया जा रहा है। प्रमोद यादव ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के भीतर चार बार में करीब 7 रुपये तक डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ाकर सरकार ने जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर हर जरूरत की चीज पर पड़ रहा है। रसोई गैस, खाद्य तेल, सब्जियां, दालें और दैनिक उपयोग की वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।"
सपा नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने कहा कि "भाजपा सरकार गरीबी हटाने का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि गरीब और गरीब होता जा रहा है जबकि पूंजीपतियों की संपत्ति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।"
छात्रसंघ नेता मुकेश यादव ने सरकार पर युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि "आज शिक्षित युवा बेरोजगारी की कगार पर खड़े हैं। पढ़ाई की फीस महंगी हो चुकी है, दवाइयों के दाम आसमान छू रहे हैं और निर्माण सामग्री जैसे गिट्टी-बालू तक महंगी हो गई है। ऐसे में आम परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाने में असमर्थ होता जा रहा है।"
सपा नगर सचिव शौर्य त्रिपाठी और जुनैद अंसारी ने कहा कि "पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने हर वर्ग को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि सरसों तेल, खाद्यान्न और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय सिर्फ प्रचार में व्यस्त है।"
कार्यक्रम का संचालन नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरि ने किया। इस दौरान नगर सचिव मनीष केडिया, विकास पटेल, राजपाल भारती, अनिल विश्वकर्मा, सरजू प्रसाद, गोपाल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।




