Sonbhadra News : बाल श्रम के खिलाफ चला अभियान, 6 नाबालिक कराए हुए मुक्त
जिले में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में श्रम विभाग एवं मानव तस्करी रोधी थाना (AHT)..

sonbhadra
6:11 AM, July 1, 2026
घनश्याम पांडेय/एम0 शर्मा (संवाददाता)
चोपन/डाला । जिले में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में श्रम विभाग एवं मानव तस्करी रोधी थाना (AHT) की संयुक्त टीम ने डाला, चोपन और ओबरा क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों से 6 नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान संबंधित नियोक्ताओं के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम समेत अन्य विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई।
होटल, ढाबों और प्रतिष्ठानों पर चला अभियान -
संयुक्त टीम ने कस्बा डाला, चोपन और ओबरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने की पुष्टि हुई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी छह बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया और उन्हें आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की।
नियोक्ताओं पर कानूनी कार्रवाई -
अभियान के दौरान बाल श्रम कराते पाए गए प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम तथा अन्य संबंधित कानूनों के तहत विधिक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
बाल श्रम के खिलाफ जारी रहेगा अभियान -
श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज शर्मा ने कहा कि बाल श्रम, मानव तस्करी और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए जिले में समय-समय पर संयुक्त अभियान चलाए जाते रहेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों को श्रम से मुक्त कर शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।
अभियान में मानव तस्करी रोधी थाना प्रभारी निरीक्षक रामदरश राम, मुख्य आरक्षी धनंजय यादव, आरक्षी पंकज कुमार तथा महिला आरक्षी शालिनी वैश्य शामिल रहे।




