Sonbhadra News : जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, डीएम ने दिलाई जल बचाने की शपथ
जनपद में जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में जिलाधिकारी ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश सरकार द्वारा 16 से 22 जुलाई तक मनाए जा रहे भूजल सप्ताह के अंतर्गत आज घोरावल तहसील मे.......

sonbhadra
4:53 PM, July 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में जिलाधिकारी ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश सरकार द्वारा 16 से 22 जुलाई तक मनाए जा रहे भूजल सप्ताह के अंतर्गत आज घोरावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और प्रत्येक नागरिक से जल बचाने का संकल्प लेने की अपील की।
इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि "इस वर्ष की थीम "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जल संकट से बचने के लिए वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, तालाबों एवं पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण तथा जल का विवेकपूर्ण उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि आज जल संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए हर नागरिक को अपने घर, गांव और आसपास जल संरक्षण के उपाय अपनाने चाहिए तथा जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझना होगा।"
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूजल सप्ताह के दौरान जन-जागरूकता रैली, पौधरोपण, वर्षा जल संचयन, जल निकायों के संरक्षण और भूजल पुनर्भरण से संबंधित सभी गतिविधियां पूरी सक्रियता और जनभागीदारी के साथ संचालित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसहभागिता के बिना जल संरक्षण का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएं और लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा), जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




