Sonbhadra News : रॉबर्ट्सगंज नगर के विकास का रास्ता खोलेगा बाईपास, नपा अध्यक्ष की पहल का व्यापारियों ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिले की एकमात्र नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद का रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में कलवारी-खलियारी राज्य मार्ग पर बाईपास निर्माण.....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:32 PM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिले की एकमात्र नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद का रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में कलवारी-खलियारी राज्य मार्ग पर बाईपास निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखने पर आभार व्यक्त किया। व्यापारियों ने इसे नगर के भविष्य और यातायात व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सरकार से शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि "उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल वर्षों से कलवारी-खलियारी राज्य मार्ग पर रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में बाईपास निर्माण की मांग को लेकर प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के समक्ष लगातार संघर्ष करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि गत 23 मई को नगर पालिका परिषद की बैठक में व्यापार मंडल ने पत्र संख्या 02/26/27 के माध्यम से नगर पालिका अध्यक्ष से सरकार को बाईपास निर्माण का प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया था। अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बाईपास निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसके लिए व्यापार मंडल ने उनका आभार व्यक्त किया।व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि जनहित को देखते हुए प्रदेश सरकार जल्द ही बाईपास निर्माण को स्वीकृति प्रदान करेगी, जिससे नगर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।"
इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने खसरा रजिस्टर को शीघ्र प्रकाशित करने की मांग भी दोहराई साथ ही बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नालों की दीवारों में आवश्यक स्थानों पर होल (निकासी छिद्र) कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि वर्षा का पानी सुचारु रूप से निकल सके और नगरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल द्वारा व्यक्त किए गए विश्वास और सम्मान के लिए सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "रॉबर्ट्सगंज नगर का समग्र विकास, नगर को अतिक्रमण, जाम और जलभराव जैसी समस्याओं से बचाना तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलवारी-खलियारी राज्य मार्ग पर बाईपास निर्माण नगर की आवश्यकता है। इसी भावना के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष यह प्रस्ताव रखा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी। नगर के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए वह निरंतर प्रयासरत और प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से रॉबर्ट्सगंज को एक बेहतर, स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।"
इस दौरान जिला महामंत्री राजेश बसल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष रमेश जायसवाल, जिला संगठन मंत्री राजेश सोनी, ऋतु अग्रहरी, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, किराना अध्यक्ष श्यामलाल केशरी, फल एवं सब्जी मंडी अध्यक्ष श्याम बाबू, इलेक्ट्रॉनिक अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, राजेश जायसवाल, मुकेश जायसवाल, बबलू केशरी, नन्दलाल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




