सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि "गत 18 जुलाई को चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) के साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे शीशटोला जंगल में तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर चाकू से हमला किया और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ लगभग ₹40 हजार नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। मामले में थाना बभनी पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने बभनी व म्योरपुर पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान शनिवार तड़के करीब 3:27 बजे शीशटोला जंगल में संदिग्ध बाइक सवारों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे, लेकिन पीछा करने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रमेश साकेत निवासी कनई, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। वहीं उसका साथी मनोज साकेत निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, पुलिस द्वारा फायर किया गया 9 एमएम का खोखा, लूट में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा ₹12,200 नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।"