Sonbhadra News : संकल्प यात्रा के स्वागत में कहीं बुल्डोजर तो कहीं लगाए गए स्कूली बच्चे
इतना ही नहीं कई स्कूली बच्चों के हाथों में किताब-कॉपी की जगह पार्टी का झंडा भी देखा गया। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या यह सही है, सरकारी स्कूल में बच्चे पढ़ने के बजाय पार्टी का गुणगान और झंडा थामे ह

sonbhadra
9:55 PM, October 5, 2026
- सपा के पूर्व विधायक ने खड़े किये कई सवाल
- पूर्व विधायक बोले- कार्यक्रम में बच्चों को लगाना गलत
- DIOS से कार्यवाही की मांग की
शांतनु कुमार/ एम शर्मा
सोनभद्र। इन दिनों बीजेपी का जगह-जगह सेवा संकल्प अभियान के तहत यात्रा निकल रहा है। सोमवार को कोन और डाला में निकाली गयी संकल्प यात्रा न सिर्फ काफी चर्चाओं में रहा बल्कि उस पर राजनीति भी शुरू हो गयी है ।
कोन में संकल्प यात्रा को सफल बनाने के लिए भीड़ नहीं जुट सकी तो बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों को ही सड़क पर लाइनों में खड़ा कर पुष्प वर्षा कराते नजर आये। चिलचिलाती धूप में इंटर कालेज के बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर पुष्प वर्षा करते रहे। इतना ही नहीं कई स्कूली बच्चों के हाथों में किताब-कॉपी की जगह पार्टी का झंडा भी देखा गया। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या यह सही है, सरकारी स्कूल में बच्चे पढ़ने के बजाय पार्टी का गुणगान और झंडा थामे हैं।
सपा के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि स्कूली बच्चों को इस तरह कार्यक्रम में खड़ा करना सरासर गलत है, इस पर DIOS को संज्ञान लेना चाहिए और कार्रवाई भी करनी चाहिए । आखिर बच्चे किसके आदेश से पार्टी कार्यक्रम में पहुंचे थे । पूर्व विधायक ने कहा कि यदि यही Gen-Z अपनी हक के लिए सड़क उतरते हैं तो उन्हें लाठियां खानी पड़ती है, जेल जाना पड़ता है । लेकिन पार्टी का गुणगान करवाना है तो यही Gen-Z उनके लिए अच्छे हो जाते हैं । उन्होंने कहा कि भाजपा यही दोहरी चरित्र की पार्टी है, वह अपने फायदे के लिए कुछ भी कर और करा सकती है ।
वहीं डाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर गुजरात से निकली बाइक यात्रा के स्वागत में पुष्प वर्षा से स्वागत के लिए खनन क्षेत्र से लगभग दो दर्जन से अधिक बुलडोजर/लोडर मंगाए गए थे। इतना ही नहीं बुलडोजर पर पुष्प वर्षा के लिए श्रमिकों को बैठाया गया था । इस व्यवस्था के कारण पूरा रोड जाम हो गया। घण्टों आम लोग जाम से परेशान नजर आये ।
वहीं एक बड़ा हादसा भी उस वक्त टल गया जब बुल्डोजर के धक्के से डिवाइडर गिर गया। लेकिन संयोग था कि कोई चपेट में नहीं आया। हैरान करने वाली बात यह है कि मुख्य अतिथि के तौर पर सदर विधायक भूपेश चौबे खुद मौजूद थे। रैली समाप्त होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से शुरू हो सका ।
इस आयोजन को लेकर पूर्व सपा विधायक का कहना है कि हाईवे पर लगभग तीन घंटे तक यातायात व्यवस्था बदलने के लिए कोई स्पष्ट प्रशासनिक आदेश मौके पर उपलब्ध नहीं था। जबकि जिले में जिलाधिकारी द्वारा धारा 163 लागू है ।
उन्होंने कहा कि भाजपा बढ़ती हुई महंगाई और बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह का प्रपंच कर रही है।




