Sonbhadra News : नगर में अतिक्रमण के विरुद्ध गरजा बुलडोजर, फ्लाईओवर के नीचे से हटाए गए दर्जनों अवैध कब्जे
रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर गरजा। नगर पालिका की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में फ्लाईओवर के नीचे वर्षों से जमे अवैध कब्जों पर कार्रवाई करते हुए...

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
8:33 PM, May 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• अतिक्रमण हटाओ अभियान से मचा हड़कंप
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर गरजा। नगर पालिका की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में फ्लाईओवर के नीचे वर्षों से जमे अवैध कब्जों पर कार्रवाई करते हुए तीन दर्जन से अधिक ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति बनी रही।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से चलाए गए इस विशेष अभियान में जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को साफ कराया गया।
नपा अधिशासी अधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया कि "फ्लाईओवर के नीचे लगातार बढ़ते अवैध कब्जों के कारण शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और लोगों को आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। इसके साथ ही शहर के सौंदर्याकरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था। अभियान से पूर्व अतिक्रमणकारियों को दो दिन पहले नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद कब्जाधारियों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद आज सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कई अस्थायी ढांचे, ठेले और गुमटियां हटाई गईं। नगर पालिका कर्मियों ने सड़क किनारे फैले सामान को हटवाकर मार्ग को खाली कराया।"
हालांकि अभियान के दौरान कुछ स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि शहर में संचालित अवैध ऑटो स्टैंड और बस स्टैंड भी जाम की बड़ी वजह बने हुए हैं, लेकिन उन पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि यदि शहर को जाममुक्त बनाना है तो सभी प्रकार के अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित स्टैंडों पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने नगर पालिका की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि फ्लाईओवर के नीचे फैले अतिक्रमण हटने से शहर को काफी हद तक जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुचारु होगी। अभियान के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैल सके।




