Sonbhadra News : आखिरकार लापरवाह टीचर पर बीएसए ने की निलंबन की कार्यवाही
आखिरकार विसुंधरी उच्च प्राथमिक विद्यालय के लापरवाह प्रभारी प्रधानाध्यापक पर बीएसए को कार्यवाही करनी पड़ी । साथ ही बीएसए ने बाकी अध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया है

sonbhadra
11:46 PM, September 7, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
- बच्चों से कमरे का ताला बंद कराने का नतीजा
- यदि दाई या अध्यापक खुद चेक कर कमरा बन्द किये होते तो नहीं घटती घटना
घोरावल (सोनभद्र) । आखिरकार विसुंधरी उच्च प्राथमिक विद्यालय के लापरवाह प्रभारी प्रधानाध्यापक पर बीएसए को कार्यवाही करनी पड़ी । साथ ही बीएसए ने बाकी अध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया है ।
दरअसल शुक्रवार को विसुंधरी उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 2 की छात्रा साधना पुत्री जन्मेजय यादव छुट्टी होने के बाद भी घर नहीं पहुंची तो घर वाले चिंतित हो उठे लेकिन उन्हें लगा कि छोटी बच्ची है किसी बच्चे के साथ खेल रही होगी, आ जायेगी। इसी बीच खिड़की से एक छात्रा की रोने की आवाज सुनाई पड़ने लगी। आसपास रहने वाले घर के लोगों ने जब आवाज सुनी तो विद्यालय के कमरे की ओर ध्यान दिया तो बेंच पर बैठकर साधना रोती नजर आयी और बाहर निकालने के लिए शोर मचा रही थी। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मामले की जानकारी के बाद पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार पाल भी मौके पर पहुंचे। फिर पूरे घटनाक्रम की सूचना अध्यापकों को दी गई। सभी अध्यापक घर चले गए थे जिससे छात्रा को निकालने में देर हो रही थी । साधना के रोने की स्थिति को देखते हुए पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार पाल ने एक बार फिर अध्यापक से संपर्क साधा, जिस पर अध्यापक ने फोन पर कहा कि मुझे पहुचने में समय लग सकता है इसलिए ताला तोड़कर छात्रा को बाहर निकाल दीजिए। जिसके बाद पास के ही एक युवक ने वहां उपस्थित सभी की मौजूदगी में ताला तोड़कर छात्रा साधना को बाहर निकाला । बताया जा रहा है कि छात्रा रोती और बदहवास स्थिति में बाहर आई । वह काफी डरी व सहमी थी । जिसके बाद उसे उसके घर पहुंचा दिया गया।
शनिवार को पूरे मामले पर बीएसए मुकुल आनंद पांडेय ने सज्ञान लेते हुए लापरवाह प्रधानाध्यापक पर कार्यवाही करते हुए निलंबित कर दिया और बाकी टीचरों से स्पष्टीकरण तलब कर लिया है ।




