Sonbhadra News : ट्रेन की चपेट में आने से युवक-युवती गंभीर रूप से घायल, युवक का कटा पैर, मची अफरा-तफरी
स्थानीय स्तर पर दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और अगले माह उनकी शादी होने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।

sonbhadra
11:43 AM, November 12, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला स्थित डायमंड होटल अंधेरी पुल के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में युवक का एक पैर कट गया, जबकि युवती के सिर में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रेलवे पोल संख्या 135/18 A के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद के लिए प्रयास शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि घटना के करीब एक घंटे बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पहुंचने में हुई देरी को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों के मामले में एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता बेहद जरूरी है। सूचना मिलने पर ओबरा थाना प्रभारी और डायल 112 पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए सीधे जिला अस्पताल भेजनें की चर्चा रही। घायल युवक कोन थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि युवती जुगैल थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और अगले माह उनकी शादी होने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
फिलहाल युवक और युवती ट्रेन की चपेट में किन परिस्थितियों में आए, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।




