Sonbhadra News : लखनऊ में खरीदा, सोनभद्र में खपाने की थी तैयारी, ₹2.40 करोड़ों की हेरोइन के साथ छह तस्कर गिरफ्तार
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन शुद्धि" अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मामले.....

पुलिस की हिरासत में हेरोइन तस्कर......
sonbhadra
4:55 PM, August 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन शुद्धि" अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लखनऊ से हेरोइन की तस्करी कर सोनभद्र में सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन, छह मोबाइल फोन, 1,550 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त दो क्रेटा वाहन बरामद किए हैं। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 40 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है, जबकि वाहनों समेत बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि "मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी नगर राधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम लगातार संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।"
रॉबर्ट्सगंज की ओर आ रही थी हेरोइन की खेप -
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त 2026 को बक्सरकट्टा रेलवे ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज की ओर से दो वाहनों में कुछ लोग हेरोइन लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहनों की तलाशी ली।
जांच के दौरान दो लग्जरी वाहनों को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। नियमानुसार तलाशी लेने पर थार वाहन से 696 ग्राम और क्रेटा वाहन से 508 ग्राम, कुल 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही छह मोबाइल फोन और 1,550 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से आयुष जायसवाल, धर्मवीर, सुधीर कुमार उर्फ छोटू, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेन्द्र कुमार और दीपक साहू को गिरफ्तार किया। दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया गया।
पूछताछ में खुला लखनऊ से सोनभद्र तक फैले नेटवर्क का राज -
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे आपस में पैसा लगाकर लखनऊ से हेरोइन खरीदते थे और सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर इसकी बिक्री करते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि बरामद हेरोइन को अनपरा एवं ओबरा क्षेत्र में फुटकर रूप से बेचने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने तस्करी में अन्य लोगों के शामिल होने के संकेत भी दिए हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पूछताछ में सामने आए एक अन्य आरोपी दीपक साहू, निवासी पूर्वी परासी वार्ड नंबर-18, थाना अनपरा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वह अनपरा क्षेत्र में फुटकर रूप से हेरोइन बेचने का काम करता था।
चार आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास -
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी सुधीर कुमार उर्फ छोटू के खिलाफ चोपन और पिपरी थानों में एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सूरज उर्फ अभिषेक के खिलाफ चोपन थाने में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। धर्मवीर के खिलाफ बभनी थाने में तथा जितेन्द्र कुमार के खिलाफ चोपन थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना चोपन में धारा 8/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय भेज दिया है।
ऑपरेशन शुद्धि के तहत लगातार शिकंजा कस रही पुलिस -
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि सोनभद्र पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही लगातार जारी रखेगी। पुलिस की इस कार्यवाही से जिले में नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा है।
ये पुलिसकर्मी रहे मौजूद -
कार्यवाही करने वाली टीम में थाना चोपन के प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, एसओजी प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह, चौकी प्रभारी डाला उ0नि0 घनश्याम तिवारी, उ0नि0 मनोज कुमार सिंह सहित थाना चोपन एवं एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।




