Sonbhadra News : हौसलाबुलन्द चोरों ने दुकान की करकट काटकर नगदी उड़ाए
जानकारी के अनुसार गांधी पार्क के बगल में कपड़े की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी मुकेश केसरी पुत्र स्वर्गीय मुन्नालाल केसरी की दुकान में अज्ञात चोरों ने दुकान की छत की करकट काटकर अंदर प्रवेश किया।

sonbhadra
5:20 PM, October 6, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
० गांधी पार्क के समीप कपड़ा व्यापारी की दुकान में वारदात
० दुकानदारों में दहशत
विंढमगंज (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के विंढमगंज बाजार में गांधी पार्क के समीप सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक कपड़ा व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते नगदी रुपये की चोरी कर ली। घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांधी पार्क के बगल में कपड़े की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी मुकेश केसरी पुत्र स्वर्गीय मुन्नालाल केसरी की दुकान में अज्ञात चोरों ने दुकान की छत की करकट काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद रस्सी के सहारे नीचे उतरकर दुकान के गल्ले में रखी करीब 25 से 30हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने दुकान में रखे अन्य सामान को भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें वे सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद मौके पर मौजूद परिस्थितियों को देखकर दुकानदारों ने आशंका जताई कि चोरों ने दुकान में कपड़े की रस्सी बनाकर प्रवेश करने के लिए किसी कम उम्र के बच्चे का सहारा लिया हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार मुकेश केसरी ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




