Sonbhadra News : नगर पंचायत चोपन में बोर्ड की बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों एवं जनहित के प्रस्तावों पर हुई चर्चा
नगर पंचायत चोपन की बोर्ड बैठक सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली की अध्यक्षता में नगर पंचायत सभागार में सम्पन्न हुई।

sonbhadra
5:04 PM, June 15, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। नगर पंचायत चोपन की बोर्ड बैठक सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली की अध्यक्षता में नगर पंचायत सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं नाली निर्माण सहित विभिन्न जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत में नगर पंचायत के लिपिक अंकित पांडेय द्वारा निर्धारित एजेंडों को पढ़कर सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सभी बिंदुओं पर उपस्थित सभासदों एवं अधिकारियों द्वारा क्रमवार चर्चा की गई। बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की प्रगति, आगामी योजनाओं तथा नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए गए। बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने कहा कि नगर के समग्र विकास एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है तथा पेयजल, सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सदन के समक्ष रखें ताकि उनका शीघ्र निराकरण कराया जा सके। बैठक में उपस्थित अधिशाषी अधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित प्रस्तावों को शासन की मंशा एवं नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी बरसात को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई अभियान तथा सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष चर्चा हुई। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित समस्याओं एवं विकास कार्यों के प्रस्तावों को सदन के समक्ष रखा, जिन पर सकारात्मक चर्चा करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस दौरान सभासद मनोरमा देवी, अनिकेत रावत, दिव्यविकास सिंह,शांति देवी, डिम्पल जायसवाल, नीरज जायसवाल, रामपरीखा विश्वकर्मा, नागेंद्र यादव, सुशील साहनी, सलीम कुरैशी, नरेश यादव, मनोनीत सभासद राजन जायसवाल, घनश्याम चौधरी, राजेश अग्रहरी इत्यादि लोग उपस्थित रहे।




