Sonbhadra News : शहरों के विकास का ब्लूप्रिंट तैयार, डीएम ने योजनाओं की एक-एक बिंदु पर की समीक्षा
जनपद में आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एनिमल बर्थ,.......

15वें वित्त के प्रस्तावों की समीक्षा करते डीएम चर्चित गोंड.....
sonbhadra
5:21 PM, July 30, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डीएम ने दिया एबीसी सेंटर के लिए जमीन तलाशने का निर्देश
सोनभद्र । जनपद में आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि के शीघ्र चिन्हांकन के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, वंदन योजना तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगरीय निकायों द्वारा भेजे गए विकास प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप एबीसी सेंटर की स्थापना के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।
समीक्षा के दौरान वंदन योजना के अंतर्गत चुर्क नगर पंचायत स्थित शीतला माता मंदिर में अवस्थापना सुविधाओं के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश संबंधित अधिशासी अधिकारी को दिए गए।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं 15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तुत प्रस्तावों का परीक्षण करते हुए जनहित से जुड़े उपयुक्त कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। वहीं, जो प्रस्ताव शासन की गाइडलाइन के अनुरूप नहीं पाए गए, उन्हें निरस्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को दो दिन के भीतर नियमों के अनुरूप नए जनोपयोगी प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। योजनाओं के अंतर्गत ऐसे विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिनसे नगरों की स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं, उपयोगिता और सौंदर्यीकरण में प्रभावी सुधार हो तथा आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके साथ ही सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, संबंधित अवर अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




