Sonbhadra News : म्योरपुर में ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता सम्पन्न
उच्च प्राथमिक स्तर की प्रतिस्पर्धा में उच्च प्राथमिक विद्यालय (UPS) गड़िया की मुस्कान ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी, जबकि उच्च प्राथमिक डढ़ीहरा के विनोद द्वितीय स्थान पर रहे।

sonbhadra
6:51 PM, November 12, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
० 48 परिषदीय बच्चों ने दिखाया दमखम
म्योरपुर (सोनभद्र)। बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय के निर्देशन में तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी के प्रेरणा से म्योरपुर स्थित हिण्डाल्को पार्क में ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की सभी 8 न्याय पंचायतों के संकुलों से एक प्राथमिक और एक उच्च प्राथमिक स्तर के कुल 48 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
मुस्कान और जय सिंह ने मारी बाजी कड़े मुकाबले के बाद प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक विद्यालय हरदिमोड़ के जय सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्राथमिक विद्यालय गड़िया प्रथम के हिमांशु द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर की प्रतिस्पर्धा में उच्च प्राथमिक विद्यालय (UPS) गड़िया की मुस्कान ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी, जबकि उच्च प्राथमिक डढ़ीहरा के विनोद द्वितीय स्थान पर रहे।
विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागी हुए सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में म्योरपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए, साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सांत्वना पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा संकुल सीमा द्वारा तैयार की गई, जबकि मंच संचालन व संपूर्ण व्यवस्था संकुल अजय कुमार गुप्ता ने संभाली। प्रतियोगिता को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में रेफरी के रूप में शशि रंजन, शरद, पवन, सौरभ, राजू, अजय यादव और ज्ञान प्रकाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर एआरपी (ARP) विवेक झा, शिव प्रिया व संकुल शारदा प्रसाद प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों व अभिभावकों ने बच्चों के मानसिक विकास के लिए शिक्षा विभाग द्वारा की गई इस नवीन पहल और सफल आयोजन की भूरि-भूरि सराहना की।




