Sonbhadra News : बभनी ब्लॉक में खाद की धड़ल्ले से कालाबाजारी, युवा मंगल दल ट्रस्ट ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
खाद की भारी किल्लत और अधिकृत दुकानदारों द्वारा की जा रही कालाबाजारी के खिलाफ किसानों का आक्रोश अब सामने आने लगा है।

sonbhadra
4:49 PM, July 29, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । जनपद सोनभद्र के आदिवासी बाहुल्य बभनी ब्लॉक में खाद की भारी किल्लत और अधिकृत दुकानदारों द्वारा की जा रही कालाबाजारी के खिलाफ किसानों का आक्रोश अब सामने आने लगा है। बुधवार को 'युवा मंगल दल ट्रस्ट' के बैनर तले क्षेत्र के किसानों ने लामबंद होकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। युवा मंगल दल ट्रस्ट के जिला सह प्रभारी एवं पूर्व प्रधान संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किसानों ने भ्रष्ट दुकानदारों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन्हें उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया है कि कृषि विभाग के सक्षम अधिकारियों और दुकानदारों की कथित मिलीभगत से बभनी ब्लॉक के लगभग 10-12 अधिकृत खाद-बीज विक्रेता किसानों का खुलेआम आर्थिक शोषण कर रहे हैं। क्षेत्र के लोग पूरी तरह से कृषि पर निर्भर हैं, लेकिन उन्हें सरकारी दर से करीब दोगुने दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि जहां डी.ए.पी. (1846) का सरकारी न्यूनतम मूल्य 1350 रुपये निर्धारित है, वहीं इसे मनमाने तरीके से 2100 से 2200 रुपये में बेचा जा रहा है। इसी प्रकार 266 रुपये वाली यूरिया की बोरी के लिए किसानों से 500 से 600 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ज्ञापन में बताया गया है कि इस गंभीर समस्या को लेकर ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक कई बार शिकायत की गई। आई.जी.आर.एस. (क्र.सं. 40020026013695 व 40020026012823) पर भी मामले को दर्ज कराया गया, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई करने के बजाय केवल स्टॉक रजिस्टर का फर्जी सत्यापन कर मामले की लीपापोती की जा रही है। बीते 9 जुलाई 2026 को आसनडीह स्थित 'अनामिका खाद बीज भण्डार' पर लगभग 200 किसानों और ए.डी.ओ. (ए.जी.) की मौजूदगी में डी.ए.पी. की 200 बोरियां रखी हुई थीं, लेकिन रातों-रात वह पूरी खाद वहां से गायब कर दी गई और उसकी कालाबाजारी कर दी गई।
किसानों की इस दुर्दशा पर अपना कड़ा रोष व्यक्त करते हुए युवा मंगल दल ट्रस्ट के जिला सह प्रभारी एवं पूर्व प्रधान संजय कुमार गुप्ता ने कहा, "अन्नदाता किसान आज अपने हकों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। खाद की यह कालाबाजारी सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि किसानों के साथ खुला धोखा है। विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से गरीब किसानों की जेबों पर डाका डाला जा रहा है। यदि प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इन भ्रष्ट दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज कर उचित मूल्य पर खाद की व्यवस्था नहीं की, तो हमारा ट्रस्ट किसानों के साथ मिलकर चक्का जाम और उग्र जन-आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।"
किसानों ने अपने ज्ञापन में मुख्य रूप से आसनडीह के अनामिका खाद बीज भण्डार, चैनपुर (परसाटोला) के गुप्ता खाद बीज भण्डार और चैनपुर के ही श्रीराम इन्टरप्राइजेज सहित अन्य दुकानों पर मनमानी का आरोप लगाया है। प्रशासन से अपील की गई है कि मामले में अविलंब कठोर दंडात्मक कार्रवाई कर किसानों को राहत प्रदान की जाए। उक्त अवसर पर हरि, दीपक, पप्पू, लवकुश, बरम यादव मांन आदि लोग उपस्थित रहे।




