Sonbhadra News : भाजपा महिला मोर्चा का सपा सांसद के खिलाफ दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जिले में सियासी घमासान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सपा सांसद छोटेलाल खरवार के आवास के निकट स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय कुरा के...........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:11 PM, May 12, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जिले में सियासी घमासान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सपा सांसद छोटेलाल खरवार के आवास के निकट स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय कुरा के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने सपा और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन पर महिला आरक्षण और महिला अधिकारों के प्रति नकारात्मक मानसिकता रखने का आरोप लगाया।
इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि देश की महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी और सम्मान दिलाने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्षी दल इसका विरोध कर महिलाओं की भावनाओं का अपमान कर रहे हैं।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को लेकर राजनीति की, जबकि भाजपा सरकार ने महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की मातृशक्ति को राजनीतिक रूप से मजबूत करने वाला कानून है और इसका विरोध कर विपक्ष ने अपनी महिला विरोधी सोच उजागर कर दी है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और महिला सम्मान के मुद्दे पर किसी प्रकार की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगी।"
वहीं घोरावल विधानसभा की संयोजक मंजू गिरी ने कहा कि "लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय महिलाओं को सम्मान, अधिकार और नेतृत्व देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के उत्थान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष केवल विरोध की राजनीति करता रहा है। उन्होंने कहा कि महिला जन-आक्रोश अभियान के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक कर रहा है और विपक्ष की महिला विरोधी नीतियों को उजागर कर रहा है।"
कार्यक्रम में घोरावल विधानसभा क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा महिला आरक्षण के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।




