Sonbhadra News : सपा मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ भड़के भाजपाई, बाबा साहब का अपमान करने का लगाया आरोप
भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर का कथित तौर पर अपमान करने के आरोप में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज नगर के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर भवन में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव के....

सपा मुखिया के खिलाफ प्रदर्शन करते भाजपाई....
sonbhadra
5:01 PM, April 30, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर का कथित तौर पर अपमान करने के आरोप में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज नगर के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर भवन में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की गई साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष नन्द लाल गुप्ता के नेतृत्व में जुटे भाजपाइयों ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के उस चित्र पर आपत्ति जताई जिसमें आधा चित्र बाबा साहब और आधा अखिलेश का दिख रहा है।
भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की फोटो में बाबा साहब के चेहरे के साथ आधा अपना चेहरा लगाकर बाबा साहब के बराबर अपने को साबित करने का जो कुकृत्य किया है उसके विरुद्ध नगर के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर भवन में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्द लाल गुप्ता के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य रूप से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडे एवं आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु जी सदर विधायक भूपेश चौबे व एमएलसी विनीत सिंह जी ने भाग लिया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि "यह सपा की दुषित मानसिकता का प्रतीक है। उन्होंने याद दिलाया की सपा सरकार मे पहले भी अंबेडकर से जुडी संस्थाओं और जिलों के नाम बदले गये थे। डॉ0 अम्बेडकर के साथ अपना चित्र लगाकर सपा मुखिया अखिलेश यादव अपने को बाबा साहब के बराबर मान रहे हैं। यह न सिर्फ उनके अहंकार क़ो दिखाता है बल्कि दलित समाज की भावनाओं के साथ किया गया एक निंदनीय खिलवाड़ भी है। देश तो क्या पूरी दुनिया में बाबा साहब की बराबरी कोई नहीं कर सकता। बाबा साहब के साथ अपना चित्र जोड़कर अखिलेश ने बाबा साहब से प्रेरणा लेने वालों का अपमान किया है। उन्हें अपने कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए। बाबा साहब किसी एक जाति, धर्म और वर्ग के नहीं हैं। वह देश के महान सपूत हैं। उनका अपमान किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
वहीं प्रदेश के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्रा 'दयालु' ने कहा कि "कदम कदम पर बाबा साहब और दलितों का अपमान करने वाले अखिलेश यादव अब बाबा साहब अंबेडकर बनने चले है। अखिलेश यादव क़ो यह जानना चाहिए कि वजह बाबा साहब के चरणों की धुल भी नहीं है। बाबा साहब भारत के संविधान शिल्पी है। सपा मुखिया ने बाबा साहब के आधे चित्र के साथ अपना आधा चित्र लगाकर न सिर्फ बाबा साहब का अपमान किया है बल्कि महापाप भी किया है, उन्हें तुरन्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अब बेनक़ाब हो चुके हैं।"




