Sonbhadra News : बर्थडे ब्वॉय ने 'तमंचे से काटा केक', वीडियो वायरल, जाँच में जुटी पुलिस
आजकल लोग अपना बर्थ डे सेलिब्रेट करने के लिए केक को अलग चीजों से काटते है। ख़ासकर युवाओं में इन दिनों चाकू, तलवार या तमंचे से केक काटने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का चलन बढ़ गया है, जिसके बाद ऐसे..

sonbhadra
10:57 AM, October 5, 2024
आनन्द कुमार चौबे/राहुल सिंह (संवाददाता)
अनपरा । आजकल लोग अपना बर्थ डे सेलिब्रेट करने के लिए केक को अलग चीजों से काटते है। ख़ासकर युवाओं में इन दिनों चाकू, तलवार या तमंचे से केक काटने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का चलन बढ़ गया है, जिसके बाद ऐसे लोगों को जेल की हवा तक खानी पड़ती है, बावजूद इसके गाहे-बगाहे ऐसे मामले सामने आ ही जाते हैं।
ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें बर्थडे बॉय तमंचे से केक काटते देखा जा रहा है। यह वीडियो अनपरा थाना क्षेत्र के औड़ीमोड़ कौआनाला का बताया जा रहा है। जन्मदिन का ऐसा वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आयी पुलिस ने मामला दर्ज कर युवकों की तलाश में जुट गयी है।
थाना क्षेत्र के विभिन्न सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक म0प्र0 के बदमाश के रूप में कई बाइकों पर रखे केक तमंचे से काटता दिख रहा है। यह वीडियो बकायादा 'बर्थ डे बॉय' की इंस्टाग्राम आईडी पर भी अपलोड की गई है। वीडियो वायरल होते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है।
इस संबंध में अनपरा प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि "वायरल वीडियो की जाँच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे युवक और साथी युवकों की भी तलाश की जा रही है।"
बताते चलें कि असलहे से केक काटने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले माह डिबुलगंज में एक युवक ने तलवार से केक काटकर वीडियो बनाकर वायरल किया था। पुलिस ने उसके परिजनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया था और बाइक सीज कर दी थी। वहीं अक्टूबर 2023 में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में भी एक युवक द्वारा तमंचे से केक काटने का वीडियो वायरल किया गया था जिसके बाद युवक को जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस वायरल वीडियो मामले में पुलिस क्या कार्यवाही करती है।




