Sonbhadra news : स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर, वाराणसी रेफर
रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार की सुबह हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

sonbhadra
3:52 PM, October 4, 2025
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार की सुबह हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, खाड़पाथर निवासी आशीष यादव पुत्र रामचंद्र यादव किसी कार्य से पिपरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आशीष यादव सड़क पर गिर गया और उसके पैर में गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल हिंडालको अस्पताल भेजवाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और घायल को वाराणसी लेकर रवाना हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




