Sonbhadra News : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
हाथीनाला थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन से टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके.....

sonbhadra
2:31 PM, July 10, 2026
एम0 शर्मा (संवाददाता)
डाला । हाथीनाला थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन से टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसा हाथीनाला थाना से करीब तीन किलोमीटर आगे रेणुकूट की ओर वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर हुआ। चंदौली जनपद के जमुनीपुर निवासी आशुतोष कुमार गुप्ता (27वर्ष इस) पुत्र रामटहल गुप्ता बाइक से अपने गांव से रेणुकूट जा रहे थे। बताया गया कि वह रेणुकूट स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे और ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे अज्ञात वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही हाथीनाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।
हाथीनाला थाना प्रभारी उदयभान राव ने बताया कि "प्रथम दृष्टया अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।"




