Sonbhadra News: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपत्ति गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लोढ़ी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

sonbhadra
8:29 PM, October 29, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लोढ़ी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिज्ञासा सिंह अपने पति अरुण प्रताप सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर एक निजी विद्यालय में पढ़ाने जा रही थी कि अग्रवाल मार्केट स्थित सूबेदार की गली के पास डाला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में घायल अरुण प्रताप सिंह व पत्नी जिज्ञासा सिंह के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को पहले सीएचसी चोपन ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लोढ़ी मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
बता दे कि घटना के बाद मौके से मिले वाहन के नंबर प्लेट पर MP66ZC8962 अंकित बताया गया है। नंबर प्लेट के साथ भारत सरकार के उपक्रम से संबंधित प्लेट भी लगे होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और उसके चालक की पहचान कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करे।




