Sonbhadra News : तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, कोहराम
स्थानीय नगर पंचायत चोपन के वार्ड नंबर दो निवासी 42 वर्षीय बृजेश चंद्रवंशी उर्फ छोटू पुत्र त्रिवेणी सोमवार को अपनी मोटरसाइकिल से निजी कार्य से रॉबर्ट्सगंज गए थे।

sonbhadra
6:42 PM, September 1, 2026
- सलखन के समीप हुआ हादसा, इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । स्थानीय नगर पंचायत चोपन के वार्ड नंबर दो निवासी 42 वर्षीय बृजेश चंद्रवंशी उर्फ छोटू पुत्र त्रिवेणी सोमवार को अपनी मोटरसाइकिल से निजी कार्य से रॉबर्ट्सगंज गए थे। कार्य निपटाने के बाद वह मोटरसाइकिल से वापस चोपन लौट रहे थे। इसी दौरान सलखन के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बृजेश चंद्रवंशी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बृजेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल रॉबर्ट्सगंज भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा था।लेकिन मंगलवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बृजेश की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो पुत्रियों और एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों के लिए अचानक हुई इस घटना ने गहरा सदमा पहुंचाया है। बताया गया कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर पिकअप को पकड़ लिया और उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजन शव को लेकर चोपन पहुंचे और अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद पूरे वार्ड में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सड़क पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।




