Sonbhadra news : सड़क किनारे गड्ढे में गिरी बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

sonbhadra
10:36 AM, May 26, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
* एंबुलेंस के इंतजार में तड़पते रहे घायल, मौके पर मौजूद रही डायल-112 पुलिस
डाला, (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र में सोमवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेलगुड़वा और नवटलिया के बीच उस समय हुआ जब बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरे। आरोप है कि सूचना के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन एंबुलेंस देर से पहुंचने के कारण घायल लंबे समय तक मौके पर पड़े तड़पते रहे।
जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र के जोखनागड़ी निवासी रामसजीवन उर्फ बबलू गोंड (28) और मनोज उर्फ गुड्डू कुमार (25) सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक ही बाइक से तेलगुड़वा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेलगुड़वा और नवटलिया के बीच बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल डायल-112 पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन एंबुलेंस आने में काफी देर हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक घायल काफी देर तक दर्द से कराहते रहे। बाद में एंबुलेंस पहुंचने पर पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों को अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से मनोज उर्फ गुड्डू कुमार को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मंगलवार सुबह कोटा ग्राम प्रधान प्रल्हाद चेरो द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
वहीं दूसरे घायल रामसजीवन उर्फ बबलू गोंड के पैर में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




