Sonbhadra News : मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में जल्द दिखेगा बड़ा बदलाव, BHU के डॉक्टर भी देंगे सेवाएं- प्राचार्य डॉ0 भट्टाचार्य
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्दी लोगों को व्यवस्थाओं में काफी परिवर्तन दिखेगा और सुविधाओं में भी इजाफा होगा। उन्होंने लोगों से व मीडिया कर्मियों से अपील की है कि कुछ वक्त लग सकता है...

sonbhadra
10:11 PM, October 8, 2026
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र । राजकीय मेडिकल कॉलेज, सोनभद्र के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. आई. जेन भट्टाचार्य ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मेडिकल कॉलेज की वर्तमान व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है तथा जो भी कमियां हैं उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाया। इस पर प्राचार्य ने स्वीकार किया कि कुछ संसाधनों की कमी है लेकिन आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों द्वारा मीडिया कर्मियों को कवरेज से रोके जाने का मामला भी मीडिया ने उठाया, जिस पर प्राचार्य ने कहा कि मीडिया से संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए डॉक्टर अमृत राय को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वही मीडिया कर्मियों द्वारा पूछा गया कि आखिर वह दिन कब आएगा जब लोगों को यहां बेहतर सुविधा मिल सकेगी और उन्हें वाराणसी इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा इस सवाल के जवाब में प्राचार्य ने कहा कि वे जल्द ही BHU के कुछ डॉक्टरों से संपर्क कर एमयू साइन करेंगे और उनकी सेवाएं मेडिकल कॉलेज में ली जाएंगे ताकि गंभीर बीमारियों का इलाज यहां हो सके, जिसके लिए मरीज वाराणसी जाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्दी लोगों को व्यवस्थाओं में काफी परिवर्तन दिखेगा और सुविधाओं में भी इजाफा होगा। उन्होंने लोगों से व मीडिया कर्मियों से अपील की है कि कुछ वक्त लग सकता है जिसके लिए वह धैर्य रखें उन्हें बदलाव अवश्य नजर आएगा।




