Sonbhadra News :जुआ फड़ पर दुद्धी पुलिस का बड़ा एक्शन, आधा दर्जन गिरफ्तार, 11 बाइक छोड़कर भागे जुआरी
जुआ के फड़ पर दुद्धी पुलिस की छापेमारी, आधा दर्जन जुआरी आए पुलिस जद में ₹12,320 नकद, चार मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद फरार जुआरियों की मौके पर छूटीं 11 लावारिस बाइक, छानबीन जारी दुद्धी (सोनभद

AI जनरेटेड बैनर ----
sonbhadra
5:59 PM, June 9, 2026
जुआ के फड़ पर दुद्धी पुलिस की छापेमारी, आधा दर्जन जुआरी आए पुलिस जद में
₹12,320 नकद, चार मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद
फरार जुआरियों की मौके पर छूटीं 11 लावारिस बाइक, छानबीन जारी
दुद्धी (सोनभद्र)सोनभद्र जनपद में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुद्धी कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने डूमरडीहा रेलवे लाइन पुलिया के नीचे नहर के पास चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर छापेमारी करते हुए छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जामा तलाशी और मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन सहित 11 लावारिस मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के सटोरियों और अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मुखबिर की सूचना पर नहर के पास घेराबंदी-
सीओ राजेश कुमार राय के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था और संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि डूमरडीहा रेलवे लाइन पुलिया के नीचे नहर के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह और हरिकेश राम आजाद ने टीम के साथ रणनीति बनाई और बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम को अचानक सामने देख फड़ पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से छह सटोरियों को दबोच लिया, जबकि कुछ अन्य अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों के रहने वाले हैं आरोपी-
पुलिस की गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान पीर मोहम्मद (31 वर्ष, पुत्र स्व. अहमद, निवासी: वार्ड नंबर 09, कस्बा दुद्धी), असलम (33 वर्ष, पुत्र अजीम शाह, निवासी: ग्राम डुमरडीहा), बृजेश कुमार (28 वर्ष, पुत्र दयाशंकर कुशवाहा, निवासी: ग्राम रजखड़), मकसूद अहमद (39 वर्ष, पुत्र स्व. साबिर शाह, निवासी: वार्ड नंबर 09, कस्बा दुद्धी), लवकुश कुमार (19 वर्ष, पुत्र संजय कुमार, निवासी: ग्राम खजुरी, दुद्धी) और जितेन्द्र सोनी (28 वर्ष, पुत्र सत्यनारायण सेठ, निवासी: वार्ड नंबर 09, कस्बा दुद्धी) के रूप में हुई है।
वाहन स्वामियों की तलाश में जुटी पुलिस- गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 52 ताश के पत्ते, ₹12,320 नगद और 4 एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा मौके से 11 लावारिस दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि ये मोटरसाइकिलें फड़ से भागे अन्य जुआरियों की हैं। पुलिस वाहनों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों का पता लगाने में जुट गई है। इस संबंध में दुद्धी स्थानीय थाने पर मु0अ0सं0 167/26 के तहत धारा 13 (जुआ अधिनियम) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इनसेट - फरार आरोपियों पर भी कसेगा शिकंजा-
"प्रभारी निरीक्षक डी के सिंह ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाएगा। जुआ फड़ से जब्त की गई 11 मोटरसाइकिलों के चेसिस और इंजन नंबर को खंगाला जा रहा है। जांच में जिन भी लोगों के नाम सामने आएंगे, उन्हें भी मुकदमे में नामजद कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"




