Sonbhadra News : भु-माफियाओं ने बंद कमरे में राइफल दिखा लिखवा ली आदिवासियों की करोड़ों की जमीन,
आदिवासियों ने भू-माफियाओं पर जबरन जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाते हुए आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी जमीन को बचाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने..

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते बसुहारी गांव के आदिवासी
sonbhadra
8:01 PM, November 28, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यह किसी फ़िल्म की स्क्रिप्ट नहीं बल्कि ओबरा तहसील क्षेत्र के बसुहारी गांव के आदिवासियों के साथ घटी घटना है। भु-माफियाओं द्वारा बहला-फुसलाकर अनपढ़ आदिवासियों को पहले खाता खुलवाने के बहाने कई वाहनों में भरकर जिला मुख्यालय लाया गया, जहाँ उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया और बाद में उन्हें राइफल का डर दिखाते हुए उनकी करोड़ों की जमीन को अपने नाम करा लिया गया। भूमिहीन और बेसहारा होने का अहसास होने पर अब आदिवासी ग्रामीण न्याय की आस में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
डीएम व एसपी से लगाई न्याय की गुहार -
आदिवासियों ने भू-माफियाओं पर जबरन जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाते हुए आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी जमीन को बचाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने दबंगों पर लगाया आरोप -
पीड़ित आदिवासियों ने बताया कि "गत 18 नवंबर को मिर्जापुर निवासी कुछ लोग उन्हें बैंक खाता खुलवाने के बहाने बहला-फुसलाकर कई गाड़ियों में बैठाकर राॅबर्ट्सगंज के एक मकान में ले गए। वहां उन्हें राइफल दिखाकर डराया-धमकाया गया। उनसे दस्तावेजों पर अंगूठा और हस्ताक्षर जबरन करा लिया गया। अगले दिन उन्हें नशे में रखकर उनकी जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई। उन्होंने मिर्जापुर निवासी मुंशी सिंह नामक व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपने किसी व्यक्ति के नाम पर जमीन लिखवाकर कम्पनी को छः गुना रेट पर बेचने के लिए साजिश किया है।आदिवासियों ने खा कि इस घटना के बाद वे पूरी तरह से भूमिहीन और बेसहारा हो जाएंगे। आदिवासियों ने जिलाधिकारी से इस रजिस्ट्री को निरस्त कराने, जमीन बचाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने तथा सुरक्षा के लिए भी गुहार लगाई है।"




