Sonbhadra News : भोजपुरी गायिका को बिहार में बच्चा चोर समझकर भीड़ ने पीटा, पुलिस ने बचाया
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी भोजपुरी गायिका चंदा रानी को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बच्चा चोर समझकर भीड़ ने जमकर पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवती को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर......

sonbhadra
9:59 PM, July 27, 2026
जनपद न्यूज ब्यूरो
बिहार । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी भोजपुरी गायिका चंदा रानी को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बच्चा चोर समझकर भीड़ ने जमकर पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवती को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। मामले की जांच जारी है।
घटना रविवार दोपहर मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला को छोटे बच्चे का हाथ पकड़कर ले जाते देख लोगों को बच्चा चोरी की आशंका हुई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और महिला की पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे भीड़ से बचाकर थाने ले गई।
पुलिस पूछताछ में युवती ने अपनी पहचान सोनभद्र निवासी भोजपुरी गायिका चंदा रानी के रूप में बताई। उसने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को सोनभद्र से दरभंगा एक स्टूडियो में भोजपुरी गीत की शूटिंग के लिए निकली थी। उसके अनुसार, उसने काफी मात्रा में बीयर पी रखी थी। नशे की हालत में उसे रास्ते में एक तीन-चार वर्षीय बच्चा दिखा, जिसे वह अपने क्षेत्र का समझ बैठी और उसका हाथ पकड़कर समोसा खिलाने के लिए ले जाने लगी। इसी दौरान बच्चा घबरा गया और शोर मचाने लगा, जिसके बाद लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
युवती ने यह भी बताया कि उसके बैग से मिले तेल के डिब्बे, पाउडर और परफ्यूम को लोगों ने नशीला पदार्थ समझ लिया, जबकि वह सामान्य उपयोग की वस्तुएं थीं। उसने पुलिस को अपने भोजपुरी गीतों के यूट्यूब वीडियो भी दिखाए और खुद के गायिका होने का दावा किया।
उधर, अहियापुर थाना क्षेत्र के पटियासा निवासी बच्चे की मां चंदन देवी ने सदर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि घटना के समय वह अपने पति के साथ होटल में खाना खा रही थी और उनका बच्चा पास में खेल रहा था। इसी दौरान उक्त महिला बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने लगी।
सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार ने बताया कि "युवती के बयान, उसके द्वारा दिखाए गए यूट्यूब वीडियो तथा दरभंगा के संबंधित स्टूडियो से संपर्क कर सभी तथ्यों का सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।"




