Sonbhadra News : भास्कर क्लब ने छठ महापर्व पर व्रतियों को बांटे कंबल
प्रथम अर्घ्य के उपरांत रात्रि में परिसर में ठहरने वाले छठ व्रती महिलाओं एवं पुरुषों के बीच क्लब के सदस्यों ने कंबल वितरित कर मानवीय संवेदना और सहयोग का परिचय दिया।

sonbhadra
9:33 PM, November 15, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
० प्रथम अर्घ्य के बाद रात्रि विश्राम कर रहे व्रती महिलाओं एवं पुरुषों को दी गई राहत
बीजपुर (सोनभद्र) । रिहन्द नगर लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को आत्मसात करते हुए भास्कर क्लब की ओर से सूर्यकुंड एवं रिहंदेश्वर मंदिर परिसर में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रथम अर्घ्य के उपरांत रात्रि में परिसर में ठहरने वाले छठ व्रती महिलाओं एवं पुरुषों के बीच क्लब के सदस्यों ने कंबल वितरित कर मानवीय संवेदना और सहयोग का परिचय दिया।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक एवं रिहंद परियोजना प्रमुख संजय असाटी, महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) प्रणय कुमार नायक, महाप्रबंधक (अनुरक्षण) हेमेश कुमार वार्ष्णेय तथा कृति वार्ष्णेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान भास्कर क्लब के सदस्यों के साथ अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
कंबल वितरण के माध्यम से रात्रि में मंदिर परिसर में ठहरने वाले व्रतियों को ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। क्लब के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व ही नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता है। इसी भावना के तहत क्लब समय-समय पर जनहित एवं सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है।




