Sonbhadra News : बीइओ ने किया खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज तो ब्लाक प्रमुख ने किया पुरस्कृत
महुली स्थित खेल मैदान में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

सोनभद्र
7:28 PM, October 13, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित राजा बरियार शाह खेल मैदान में मंगलवार को न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महुली न्याय पंचायत के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दौड़, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेलों में बच्चों ने दमखम दिखाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप एवं धूप प्रज्ज्वलित कर किया।
उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित करता है। पढ़ाई के साथ खेल भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर की 50 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय महुली के रेहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय जोरूखाड़ की अंजली प्रथम रहीं। 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय पतरिहा के योगेश प्रथम और रेहान द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में रेहान ने प्रथम तथा जोरूखाड़ के प्रदीप कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में जोरूखाड़ की लवली प्रथम और पतरिहा की मनीषा द्वितीय रहीं।
उच्च प्राथमिक स्तर की 100 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय हिराचक की संध्या कुमारी प्रथम और कमला द्वितीय रहीं। बालक वर्ग में जोरूखाड़ के शनि प्रथम तथा हिराचक के अभिषेक कुमार द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय महुली के शिव कुमार ने प्रथम और आयुष कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।कबड्डी प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर पर बालक एवं बालिका, दोनों वर्गों में प्राथमिक विद्यालय महुली की टीम विजेता रही। उच्च प्राथमिक स्तर के बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय हिराचक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय महुली की टीम विजेता बनी।




