Sonbhadra News : सरप्लस शिक्षकों की गलत सूचना पर बीईओ म्योरपुर पर गिरी गाज, बीएसए कार्यालय किए गए संबद्ध
परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों के पुनःस्थापन (री-डिप्लॉयमेंट) की प्रक्रिया में लापरवाही बरतना विकास खंड म्योरपुर के खंड शिक्षा अधिकारी को भारी पड़ गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की सख्ती के बाद..

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:14 PM, June 29, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों के पुनःस्थापन (री-डिप्लॉयमेंट) की प्रक्रिया में लापरवाही बरतना विकास खंड म्योरपुर के खंड शिक्षा अधिकारी को भारी पड़ गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की सख्ती के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जांच में खुली त्रुटिपूर्ण रिपोर्ट की पोल -
उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश एवं शासन के निर्देशों के अनुपालन में सरप्लस शिक्षकों के पुनःस्थापन के लिए तैयार की गई सूचनाओं का परीक्षण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया गया। जांच के दौरान विकास खंड म्योरपुर से भेजी गई सूचना त्रुटिपूर्ण पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
बिना जांचे समिति को भेज दी गई रिपोर्ट -
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित सूचना कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा तैयार की गई थी, लेकिन खंड शिक्षा अधिकारी ने उसका समुचित परीक्षण किए बिना ही जनपदीय समिति के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। इस लापरवाही के कारण शासन को निर्धारित समय सीमा के भीतर सही सूचना उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे उच्चाधिकारियों के समक्ष विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
डीएम के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई -
मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से बीएसए कार्यालय से संबद्ध कर दिया। साथ ही उन्हें एक सप्ताह के भीतर समस्त अभिलेखों एवं साक्ष्यों के साथ अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
बभनी बीईओ को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार -
प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए विकास खंड म्योरपुर का अतिरिक्त प्रभार तत्काल प्रभाव से बभनी के खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार पाण्डेय को सौंप दिया गया है। अब वे दोनों विकास खंडों की जिम्मेदारी संभालेंगे।




