Sonbhadra News : दीपावली से पहले CISF ने आईटीआई नकटू में चलाया अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान
इसके माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को आग लगने की शुरुआती अवस्था में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने की जानकारी दी गई।

sonbhadra
9:55 PM, October 28, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
० 90 प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को दी गई आग से बचाव की जानकारी
० अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का किया गया प्रदर्शन
बीजपुर (सोनभद्र)। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के फायर विंग, एनटीपीसी रिहंद द्वारा मंगलवार को आईटीआई नकटू, बीजपुर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के 90 प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को आग से बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान CISF फायर विंग के जवानों ने आग लगने के प्रमुख कारणों, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा पटाखे जलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, आग लगने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, आपातकालीन परिस्थितियों में सही कदम उठाने और अग्नि दुर्घटनाओं से बचने के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इसके माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को आग लगने की शुरुआती अवस्था में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई के लिए लोगों को तैयार करना तथा संस्थान में अग्नि सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। दीपावली के दौरान पटाखों और बिजली के उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में CISF फायर विंग की ओर से लोगों से अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने, स्वयं सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई, ताकि दीपावली का पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।




