Sonbhadra News : गहिला जंगल में भालू का आतंक, लकड़ी बीनने गए युवक को उतारा मौत के घाट, तलाश में गए ग्रामीणों पर भी हमला, दो घायल
चंदौली जिले के जयमोहनी रेंज अंतर्गत गहिला जंगल में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जंगल में लकड़ी बीनने गए एक 35 वर्षीय युवक को जंगली भालू ने अपना शिकार बना लिया।

sonbhadra
1:41 PM, June 18, 2026
मुमताज़ खान (संवाददाता)
सुकृत (सोनभद्र) । चंदौली जिले के जयमोहनी रेंज अंतर्गत गहिला जंगल में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जंगल में लकड़ी बीनने गए एक 35 वर्षीय युवक को जंगली भालू ने अपना शिकार बना लिया। यही नहीं, जब ग्रामीण और परिजन उसकी तलाश में जंगल पहुंचे तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, लोहरा निवासी राजू (उम्र लगभग 35 वर्ष) बुधवार को दिन में लकड़ी बीनने के लिए गहिला जंगल गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजन और ग्रामीण उसकी खोज में जंगल की ओर निकले।
गुरुवार को चरवाहों से मिली सूचना के आधार पर परिजन और ग्रामीण जब निश्चित घटना स्थल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। भालू युवक के शव को क्षत-विक्षत कर खा रहा था। ग्रामीणों ने जब शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया तो भालू और अधिक क्रोधित होकर हमलावर हो गया। भालू के अचानक हमले में सुकृत चौकी क्षेत्र के ग्राम तकिया निवासी कल्लू (पुत्र बाबूलाल कोल, उम्र 28 वर्ष) और एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह भालू को खदेड़ा और दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चकिया भेज दिया है। वहीं इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
जानकारों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी न मिलने के कारण वन्यजीव प्यास से व्याकुल होकर आबादी की तरफ भटक रहे हैं, जिससे इस तरह की हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




