Sonbhadra News : BDC और 22 सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन तय, तीन प्रधान पद के लिए 7 नामांकन पत्र दाखिल
BDC और 22 सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन तय, तीन प्रधान पदों के लिए 7 उम्मीदवारों ने किया नामांकन दाखिल, पाँच सदस्य पदों पर नहीं मिला कोई प्रत्याशी

sonbhadra
7:23 AM, July 23, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
मो0नं0 – 7007444590
• पाँच ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर नहीं मिले प्रत्याशी
सोनभद्र । जिले में ग्राम पंचायत प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों पर होने वाले उप चुनाव में 22 जुलाई को नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपने पर्चे दाखिल किए। ग्राम प्रधान के तीन पदाें के लिए सात उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद के लिए सिर्फ एक नामांकन हुआ। ग्राम पंचायत सदस्य के भी अधिकांश पदों पर एक-एक उम्मीदवार ही मैदान में उतरे हैं।जिले में प्रधान के तीन, बीडीसी सदस्य के एक और ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 31 पदों पर उपचुनाव हो रहे हैं। प्रधान व बीडीसी सदस्य के पद अलग-अलग कारणों से खाली हुए थे। नामांकन के अंतिम दिन तक चतरा ब्लॉक में प्रधान पद के लिए कसारी में तीन और किचार में दो पर्चे जमा हुए जबकि घोरावल विकास खंड के खड़देऊर में तीन पर्चे जमा हुए।
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल ने बताया कि “विकास खंड चतरा के कसारी ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए शकुंतला देवी, राधेश्याम और राजू ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जबकि किचार ग्राम पंचायत में प्रधान पद के उपचुनाव के लिए प्रभावती देवी और मनोज कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं घोरावल ब्लाॅक की खड़देऊर ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए दो लोगों शारदा प्रसाद और जगेश्वर ने नामांकन पत्र दाखिल किए। विकास खंड घोरावल की क्षेत्र पंचायत के वार्ड संख्या 29 के सदस्य पद हेतु होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को मात्र एक नामांकन पत्र राम प्रताप पुत्र स्व0 अवध नारायण द्वारा दाखिल किया गया। वहीं विभिन्न विकास खंडों के 27 ग्राम पंचायत सदस्य पद में से 22 के लिए कुल एक-एक व्यक्तियों 22 उम्मीदवारों ने नामांकन किया, जिससे उनका निर्विरोध निर्वाचन भी तय माना जा रहा है जबकि पाँच ग्राम पंचायत सदस्य पद पर किसी भी व्यक्ति ने नामांकन दाखिल करने में रूचि नहीं दिखायी।”




