Sonbhadra News : कक्षा पांच तक ऑनलाइन पढ़ाई पर रोक, डीएम ने जारी किया निर्देश
बदलते दौर में जिस तरह से शिक्षा में अब डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग होने लगा है। खास तौर पर छोटे बच्चों को भी अब ऑनलाइन माध्यम से होमवर्क के साथ-साथ का कक्षाओं के संचालन का दौर भी शुरू हो गया है.....

sonbhadra
7:46 PM, February 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• मोबाइल के माध्यम से होमवर्क और असाइनमेंट भेजने पर भी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध
सोनभद्र । बदलते दौर में जिस तरह से शिक्षा में अब डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग होने लगा है। खास तौर पर छोटे बच्चों को भी अब ऑनलाइन माध्यम से होमवर्क के साथ-साथ का कक्षाओं के संचालन का दौर भी शुरू हो गया है। इसी के चलते अब बच्चे मोबाइल की तरफ तेजी से आकर्षित होने लगे हैं, जिसको लेकर अभिभावक काफी परेशान भी दिखाई देते हैं। वहीं, गाजियाबाद में भी जिस तरह से तीन सगी बहनों ने गेमिंग के चक्कर में खुदकुशी कर ली थी। उसको लेकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान की ओर से सभी जिलाधिकारी को पत्र जारी करते हुए कक्षा 5 तक के ऑनलाइन होमवर्क पर रोक लगाने के दिशा निर्देश जारी किया था।
इसी क्रम में जनपद सोनभद्र में डीएम बद्रीनाथ सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर कक्षा 5वीं तक के समस्त शासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं, होमवर्क और असाइनमेंट मोबाइल के माध्यम से भेजे जाने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
इस संबंध में जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि "उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के पत्र के संदर्भ में यह निर्णय लिया गया है। हाल के घटनाक्रमों और बच्चों में मोबाइल की बढ़ती निर्भरता को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। आदेश के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में विद्यालयों द्वारा व्हाट्सएप या अन्य डिजिटल माध्यमों से शैक्षणिक कार्य भेजना प्रतिबंधित रहेगा। निर्देश में स्पष्ट किया कि विद्यालयों में ही समस्त शैक्षणिक कार्य पूर्ण कराए जाएं तथा होमवर्क भी विद्यालय स्तर पर ही दिया जाए। अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर मोबाइल आधारित ऑनलाइन शिक्षण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र को निर्देशित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को मोबाइल की अत्यधिक लत से बचाना और संभावित दुष्परिणामों की पुनरावृत्ति रोकना है।"



