Sonbhadra news : तीन दिन की बारिश में ‘टापू’ बना बभनौली कला, घरों तक घुटनों भर पानी
लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित बभनौली कला गांव के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
बृजभूषण तिवारी (संवाददाता)
हिन्दुआरी (सोनभद्र)। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित बभनौली कला गांव के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव के कई हिस्सों में भीषण जलजमाव हो गया है। घरों के आसपास घुटनों तक पानी भरने के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
जलजमाव का असर ग्रामीणों के सामान्य जनजीवन के साथ पशुपालन पर भी पड़ रहा है। पशुओं के लिए चारा लाने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने में परेशानी हो रही है। वहीं लगातार पानी जमा रहने से गांव के कच्चे एवं जर्जर मकानों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है, जिससे संबंधित परिवारों की चिंता भी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पांच तालाब हैं, जिनका मछली पालन के लिए पट्टा किया गया है। आरोप है कि पानी निकासी वाले रास्ते पर मिट्टी पट जाने के कारण बारिश का पानी तेजी से बाहर नहीं निकल पाता। नतीजतन हर साल बरसात के दौरान गांव में जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है।
ग्रामीण शंकर गुप्ता, सुखदेव, मोछू गुप्ता, राजेश जायसवाल और दिनेश जायसवाल सहित अन्य लोगों ने प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि फिलहाल जमा पानी की निकासी कराई जाए और भविष्य में समस्या दोबारा न हो, इसके लिए जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सम्बंधित खबर