रेणुकूट (सोनभद्र) । नगर में मंगलवार की भोर से लग जाम बुधवार की सुबह तक लगा हुआ है, 24 घंटे से ज्यादा लगे जाम से लोग परेशान हो गए हैं, इस दौरान जाम में फंसी गाड़ियों में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मंगलवार की सुबह जहां स्कूल जाने वाले बच्चों और श्रमिकों को परेशान हुई, वहीं दोपहर में भी छुट्टी के वक्त बच्चों को बड़ी फजीहत का सामना करना पड़ा। छुट्टी के वक्त बच्चे दो से तीन घंटे देर से अपने घरों को पहुंचे जिससे वह भूख के मारे बिलबिला उठे, वही शाम को जब हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और बिड़ला कार्बन से जनरल शिफ्ट के श्रमिक छूटे तो उन्हें भी वाहनों के जाम में फंसे रहने के कारण कई किलोमीटर की पदयात्रा करके अपने घरों की ओर जाना पड़ा। इस दौरान लोगों में काफी आक्रोश दिखा, उनका कहना है कि आए दिन जाम रहने के बावजूद प्रशासन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है जिससे बार-बार लोगों को जाम का झाम झेलना पड़ रहा है। बुधवार की सुबह भी लगे जाम के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हुई साथ ही ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले श्रमिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ओवरलोड राख लदे वाहनों के बार-बार चलने से ऐसी स्थिति पैदा होती है लेकिन न जाने किन परिस्थितियों में ऐसे वाहनों के संचालन पर रोक नहीं लग पा रही है जिससे हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। पुलिस ने बताया कि जगह-जगह वाहनों के खराब होने से जाम लग जा रहा है जब तक खराब हुए वाहन को हटाया जाता है तब तक जाम में फंसकर दूसरे वाहन खराब होकर खड़े हो जा रहे है जिससे स्थिति बिगड़ जा रही है।