Sonbhadra News : पुलिस दरबार पहुंचे ऑटो चालक, धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति की मांग
इसके बावजूद बसों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं किए जाने से ई-रिक्शा चालकों में असंतोष है। उनका कहना है कि पुलिस अधिकारी की तरफ से आश्वासन मिला है ।

sonbhadra
12:33 PM, November 12, 2026
शान्तनु विश्वास/प्रकाश खत्री
० चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा संचालन पर रोक से चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट, जनता भी परेशान
सोनभद्र। चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा चलाने वाले चालकों ने धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दिए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को सपा के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ए सपा नेता सईद कुरैशी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को प्रार्थना पत्र सौंपा । ई-रिक्शा चालकों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए जनहित में चुर्क से धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा चलाने की अनुमति प्रदान किए जाने की मांग की है।
ई-रिक्शा चालक करीम खान ने बताया कि वे चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इनमें कई शिक्षित बेरोजगार भी शामिल हैं, जिन्होंने बैंक से ऋण लेकर ई-रिक्शा खरीदा है और उससे होने वाली आमदनी से परिवार का खर्च चलाने के साथ बैंक का कर्ज भी चुका रहे हैं। करीम खान ने बताया कि पहले उनके ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक जाते थे तथा कभी-कभी शाहगंज और घोरावल तक रिजर्व सवारी लेकर भी जाते थे। लेकिन अब ट्रैफिक पुलिस द्वारा मंडी गेट, राबर्ट्सगंज से आगे जाने पर रोक लगाई जा रही है। यदि कोई चालक सवारी छोड़ने के लिए धर्मशाला चौराहे तक जाता है तो उसका ई-रिक्शा सीज कर दिया जाता है। इससे चालकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
वहीं ऑटो चालक विजय पांडेय ने आरोप लगाया कि धर्मशाला चौराहे की सड़क नगर क्षेत्र से बाहर है, जहां छोटी-बड़ी तमाम गाड़ियां आवागमन करती हैं, लेकिन उन्हें नहीं रोका जाता। वहीं, प्राइवेट बसें भी इसी मार्ग से आती-जाती हैं और सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियों को उतारने एवं बैठाने का कार्य करती हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके बावजूद बसों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं किए जाने से ई-रिक्शा चालकों में असंतोष है। उनका कहना है कि पुलिस अधिकारी की तरफ से आश्वासन मिला है ।
वहीं सपा के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा का कहना है कि सरकार नरोजगार देना चाहती है और न स्वरोजगार करने देना चाहती है । एक गरीब किसी प्रकार अपनी सब कुछ बेच कर या फिर लोन लेकर एक ऑटो खरीदता है ताकि वह अपने परिवार का भरण पोषण कर सके । लेकिन सरकार वह भी छीन रही है। जब ऑटो चालकों को चलने नहीं दिया जाएगा तो वह गाड़ी की किस्त कैसे भरेगा और फिर कैसे परिवार का पेट भरेगा । उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से बात हुई है उन्होंने आश्वासन दिया है कि कोई न कोई रास्ता निकाला जाएगा ।
कुल मिलाकर यह संयोग है कि पिछली बार चुनाव के पहले ऑटो चालकों की समस्या को लेकर बीजेपी से सदर विधायक भूपेश चौबे खड़े थे जबकि इस बार सपा के पूर्व विधायक ने मामले को हाथोंहाथ ले लिया । लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब शासन सत्ता में बीजेपी विधायक हैं तो ऑटो चालकों ने विपक्ष पर भरोसा क्यों किया ।




