Sonbhadra News : रेलवे ट्रैक पर मिला ऑटो चालक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
पुलिस चौकी क्षेत्र के मुर्धवा स्थित हाईटेक रेलवे क्रॉसिंग के समीप मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
2:13 PM, April 7, 2026
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । पुलिस चौकी क्षेत्र के मुर्धवा स्थित हाईटेक रेलवे क्रॉसिंग के समीप मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह-सुबह शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और उसे हिंडाल्को अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। पुलिस द्वारा शिनाख्त कराए जाने पर मृतक की पहचान रवि (40 वर्ष) पुत्र नंदकिशोर, निवासी शिवापार्क के रूप में हुई। बताया गया कि वह मूल रूप से डेहरी ऑनसोन का रहने वाला था और वर्तमान में अपनी मां के साथ शिवा पार्क क्षेत्र में रह रहा था। मृतक पेशे से ऑटो चालक था। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था, जिसके कारण उसके परिजन भी काफी परेशान रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि देर रात वह रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे घर लौट रहा था, इसी दौरान किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक की मां विमला देवी को सूचना दे दी है। परिजनों के अनुरोध पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



