Sonbhadra News : दुर्गा पूजा पंडालों में दिखेगा आकर्षक स्वरूप, मिताली क्लब में श्री राम मंदिर की झलक
क्लब के अध्यक्ष तपस चौधरी ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण भी कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा किया जाता है और पूजा बंगाली रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न होती है।

sonbhadra
6:19 PM, October 7, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । नगर में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। हिंडाल्को आवासीय परिसर स्थित मिताली क्लब में इस बार अयोध्या के श्री राम मंदिर का स्वरूप श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगा। कोलकाता से आए करीब एक दर्जन कारीगर पिछले एक पखवाड़े से दिन-रात मेहनत कर पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पंडाल का निर्माण हो रहा हैl
मिताली क्लब के कोऑर्डिनेटर उत्तम मन्ना ने बताया कि हिंडाल्को के स्थापना वर्ष 1962 से ही यहां दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता रहा है। हर वर्ष पूजा देखने के लिए नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। क्लब के अध्यक्ष तपस चौधरी ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण भी कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा किया जाता है और पूजा बंगाली रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न होती है। अष्टमी, नवमी और दशमी को पंडाल परिसर के आसपास भव्य मेले का आयोजन होता है। मैदान में नगरवासी विभिन्न प्रकार की दुकानें भी लगाते हैं। वहीं नगर की सब्जी मंडी में भी दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। यहां इस वर्ष जगन्नाथ पुरी, ओडिशा के मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल निर्माण और सजावट का कार्य तेजी से चल रहा है। जय मां शेरावाली क्लब के अध्यक्ष संजय कुशवाहा के अनुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।




