Sonbhadra news : कोयला लदे ट्रेलर की चपेट में आया सहायक लोको पायलट, दोनों पैरों में गंभीर चोट
ड्यूटी पर जा रहे एक सहायक लोको पायलट सोमवार सुबह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

sonbhadra
11:55 AM, September 14, 2026
संजय कुमार भारती (संवाददाता)
बीना/अनपरा, सोनभद्र। ड्यूटी पर जा रहे एक सहायक लोको पायलट सोमवार सुबह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना अनपरा क्षेत्र के बासी में हुई, जहां बाइक सवार रेलवे कर्मी को कोयला लदे ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार कृष्णशिला परियोजना में कार्यरत सहायक लोको पायलट चंद्रशेखर कुमार (35) पुत्र राम आशीष ताती सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। बासी क्षेत्र में सदगुरु इंटरप्राइजेज के ट्रेलर (UP 64-BT-4622) की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से घायल को तत्काल अटल अस्पताल, बीना पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. विनय कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद चोटों की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें ट्रॉमा सेंटर, वैढ़न (सिंगरौली, मध्य प्रदेश) रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल चंद्रशेखर कुमार का स्थायी पता बढ़ियारपुर, मुंगेर (बिहार) बताया गया है, जबकि वर्तमान में वह अनपरा डी बाबा क्षेत्र में रह रहे हैं।




