Sonbhadra News : कनहर बांध का जलस्तर बढ़ने पर तीन गेट खोले गए, पानी का डिस्चार्ज शुरू
सोनभद्र सहित पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही वर्षा के कारण कनहर बांध के तीन गेट खोलकर अतिरिक्त पानी का डिस्चार्ज शुरू किया गया।

sonbhadra
1:04 PM, July 21, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र) । सोनभद्र सहित पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही वर्षा के कारण कनहर बांध के जलस्तर में 261.500 मीटर का लेवल दर्ज की गई है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए आज मंगलवार सुबह बांध के तीन गेट खोलकर अतिरिक्त पानी का डिस्चार्ज शुरू किया गया।
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद कनहर नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा मछुआरों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने, नदी में स्नान, मछली पकड़ने तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। वही विभाग के अपील के बाद भी दर्जनों मछली पकड़ने वाले डेम के अंदर व डेम के नीचे नजदीक मे मछली पकड़ने का काम कर रहे है जिससे किसी अनहोनी से इनकार नही किया जा सकता?
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था। इसी को देखते हुए बांध प्रबंधन ने सुरक्षा की दृष्टि से तीन गेट खोलकर पानी छोड़ा है। यदि वर्षा का क्रम जारी रहा और जलस्तर में और वृद्धि हुई, तो आवश्यकता के अनुसार आगे भी पानी छोड़ा जा सकता है। ऐसे में लोगों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।




