Sonbhadra News : नवागत EO के आते ही दुद्धी नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में लिए गए कई प्रस्ताव
नवागत अधिशासी अधिकारी (EO) अजय कुमार निषाद के कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुलाई गई इस बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की।

sonbhadra
8:52 PM, September 16, 2026
- गृह कर पर हुआ बड़ा मंथन
- चेयरमैन कमलेश मोहन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक
- नगर विकास के कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर
रमेश (संवाददाता)
दुद्धी (सोनभद्र) । स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को नगर पंचायत बोर्ड की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रशासनिक और विकास, दोनों ही दृष्टिकोणों से बेहद खास रही। नवागत अधिशासी अधिकारी (EO) अजय कुमार निषाद के कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुलाई गई इस बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की। बैठक में नगर की सूरत बदलने और वित्तीय स्थिति में सुधार लाने के लिए कई क्रांतिकारी प्रस्तावों पर गहन चर्चा हुई।बैठक का मुख्य एजेंडा नगर पंचायत की आय बढ़ाने और वित्तीय व्यवस्था को सुदृढ़ करना रहा। इसके तहत गृह कर (House Tax) के निर्धारण, उसकी दरों और संग्रह की प्रक्रिया पर बोर्ड के सदस्यों के बीच लंबी बहस हुई। चेयरमैन और ईओ ने संयुक्त रूप से कहा कि टैक्स व्यवस्था को इस तरह से सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा जिससे नगर पंचायत के राजस्व में भी वृद्धि हो और आम जनता पर अत्यधिक आर्थिक बोझ भी न पड़े।
नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बैठक में कई अहम प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। इसमें मुख्य रूप से त्योहारों के मद्देनजर वार्डों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत करने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को बदलने और जल निकासी की समस्या से निजात पाने के लिए नालियों के निर्माण का मुद्दा शामिल रहा। नवागत ईओ अजय कुमार निषाद ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा।
इनसेट -
सदन में नहीं दिखी एक भी महिला सभासद, प्रतिनिधियों का रहा कब्जा-
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान एक बार फिर आधी आबादी की राजनीतिक भागीदारी पर सवालिया निशान लगा। बोर्ड की इस बैठक में एक भी महिला सभासद व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हुईं। उनकी जगह उनके पतियों, भाइयों या बेटों (प्रतिनिधियों) ने बैठक में हिस्सा लिया और वार्डों की समस्याओं को पटल पर रखा। महिला जनप्रतिनिधियों की इस अनुपस्थिति को लेकर गलियारों में खूब चर्चा रही।बैठक के अंत में नगर के विकास में सभी से सहयोग की अपील की गई।
इस बैठक में सभासद धीरज जायसवाल, प्रेमनारायण सिंह मोनू, आमेश सिंह, राकेश आजाद, शाहिद आलम,कार्यालय बाबू आलोक सहित प्रतिनिधि आनंद अग्रहरि, मोहित अग्रहरि,अंका कुमार,शाहनवाज अली अन्य मौजूद रहे।




