Sonbhadra News : सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर एआरटीओ का बड़ा एक्शन, 6 स्कूली वाहन सीज, 16 का चालान
स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत बुधवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अभिया...

स्कूल बस की जांच करते एआरटीओ कौशल कुमार सिंह......
sonbhadra
2:52 PM, July 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• बिना परमिट, फिटनेस व बीमा के दौड़ रहे वाहनों पर कार्रवाई
• निजी वाहन से बच्चों का परिवहन करते मिलने पर भी चला विभाग का चाबुक
सोनभद्र । स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत बुधवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 6 वाहनों को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान पैसेंजर टैक्स अधिकारी (पीटीओ) मनोज कुमार ने विभिन्न विद्यालयों के स्कूली वाहनों की गहन जांच की। निरीक्षण में कई वाहनों में सुरक्षा संबंधी खामियां और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर 9 वाहनों का चालान किया गया तथा 3 वाहनों को सीज कर दिया गया।
जांच के दौरान एक निजी वाहन में नियमों के विरुद्ध स्कूली बच्चों का परिवहन करते हुए पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक वाहन बिना परमिट, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और बिना बीमा के संचालित होता मिला, जिसे मौके पर ही सीज कर दिया गया।
इसी क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कौशल कुमार सिंह ने भी अलग से अभियान चलाकर 7 स्कूली वाहनों का चालान किया तथा 3 वाहनों को सीज किया। जांच में इन वाहनों के पास आवश्यक परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र समेत अन्य अनिवार्य दस्तावेज नहीं मिले। विभाग ने इसे स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही माना।
एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने कहा कि "स्कूली बच्चों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना वैध दस्तावेज, बिना फिटनेस अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।"




