Sonbhadra news : शारदीय नवरात्र को लेकर मिट्टी की मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार
शारदीय नवरात्र को लेकर अवई, सलखन क्षेत्र में मां दुर्गा की मिट्टी की प्रतिमाओं के निर्माण का कार्य तेज हो गया है।

sonbhadra
5:35 PM, October 5, 2026
राकेश चौबे
-- अवई, सलखन में मां दुर्गा समेत देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का हो रहा निर्माण
मारकुंडी (सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र को लेकर अवई, सलखन क्षेत्र में मां दुर्गा की मिट्टी की प्रतिमाओं के निर्माण का कार्य तेज हो गया है। मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। यहां मां दुर्गा के साथ भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय, महालक्ष्मी एवं मां सरस्वती की प्रतिमाओं का निर्माण भी जोरों पर चल रहा है।
अवई, सलखन में डीएस पब्लिक स्कूल के बगल में मूर्तिकार रामकैलाश प्रजापति द्वारा नवरात्र को लेकर मां दुर्गा समेत विभिन्न देवी-देवताओं की मिट्टी की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। रामकैलाश प्रजापति का मोबाइल नंबर 9794811253 है। उनके यहां तैयार हो रही प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने के लिए रंग-रोगन और सजावट का कार्य भी किया जा रहा है।
रामकैलाश प्रजापति ने बताया कि प्रतिमा निर्माण में मिट्टी के साथ सुतली, मुकुट समेत कई अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। इन सामग्रियों के दाम बढ़ने से मूर्ति निर्माण की लागत भी बढ़ गई है। इसके बावजूद नवरात्र को लेकर प्रतिमाओं को बेहतर तरीके से तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने के बाद रंग-रोगन एवं सजावट का कार्य पूरा किया जाएगा। नवरात्र नजदीक आने के साथ ही क्षेत्र में देवी प्रतिमाओं की मांग भी बढ़ने लगी है। मूर्तिकारों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है।




