Sonbhadra news : अर्नब तूफान का कहर: बारिश और तेज हवाओं ने खेतों में बिछाई धान की फसल, किसानों की बढ़ी चिंता
अर्नब तूफान के असर से लगातार दूसरे दिन हुई बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरना शुरू कर दिया है।

sonbhadra
1:29 PM, October 30, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। अर्नब तूफान के असर से लगातार दूसरे दिन हुई बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। गुरुवार को दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने महुआव, रजधन, बेलकप, चिरूहुली, केवटा, पथरहा, कुरहुल, अदलगंज समेत आसपास के गांवों में धान की तैयार फसल को खेतों में गिरा दिया। कटाई के ऐन वक्त पर फसल गिरने और खेतों में पानी भरने से किसानों के सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई है।
खेतों में बिछी धान की फसल को देखकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश के चलते खेतों में जलभराव होने से गिरी हुई फसल के सड़ने तथा धान की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि धान की कटाई का समय नजदीक है, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी तैयारियों पर पानी फेर दिया है। खेतों में पानी जमा रहने से कटाई में देरी होगी और फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
किसानों को आशंका है कि यदि मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा और बारिश जारी रही तो फसल को और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे पहले से ही खेती की लागत और मेहनत से जूझ रहे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।
किसान रंगनाथ मिश्रा, देवेंद्र दत्त, राजाराम पाठक, अनिल दत्त, रामबिलास गुप्ता, कन्हैयालाल पाठक, आलोक पांडेय, सोनू दुबे, बंशी मौर्या, नंदलाल, राजा राम, अशोक धर, एवं संपूर्णानंद ने प्रशासन से प्रभावित गांवों और खेतों का स्थलीय सर्वेक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई हो सके।
कटाई के मुहाने पर पहुंची धान की फसल पर मौसम की मार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अब किसानों की निगाहें मौसम के रुख और प्रशासनिक मदद पर टिकी हैं।




