Sonbhadra News : अनपरा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 725 किमी दूर से दुष्कर्म का वांछित गिरफ्तार, तकनीकी जाल में फंसा बीटेक छात्र
अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही सोनभद्र पुलिस ने एक बार फिर तकनीकी दक्षता और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में वांछित........

गिरफ्तार दुष्कर्म का वांक्षित अभियुक्त....
sonbhadra
3:40 PM, July 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही सोनभद्र पुलिस ने एक बार फिर तकनीकी दक्षता और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 725 किलोमीटर दूर छिपे अभियुक्त को तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सटीक अभिसूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना अनपरा पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त सूरज शाह (22 वर्ष) निवासी ग्राम देउरा, थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर थाना शक्तिनगर में अभियुक्त के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बीएनएस की धारा 69, 351(3) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से अभियुक्त फरार चल रहा था। विवेचना के दौरान थाना अनपरा पुलिस ने सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से अभियुक्त की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि अभियुक्त व्हाट्सएप के जरिए नए मोबाइल नंबर का उपयोग कर रहा है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से उसकी लोकेशन मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्रेस की और टीम तत्काल वहां पहुंच गई।
प्रारंभिक दबिश के दौरान अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया तथा उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार भोपाल में डेरा जमाए रखा। तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, स्थानीय अभिसूचना और सटीक एम्बुश के आधार पर पुलिस ने 7 जुलाई को कोकता मल्टी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एमआईजी ब्लॉक-ए1 के एक कमरे से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त इंजीनियरिंग (बीटेक) का छात्र है और तकनीकी जानकारी होने के कारण वह लगातार अपनी पहचान और लोकेशन छिपाने का प्रयास कर रहा था। इसके बावजूद अनपरा पुलिस ने धैर्य, आधुनिक तकनीक और प्रभावी सर्विलांस के समन्वय से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार यादव तथा महिला कांस्टेबल गुंजन यादव शामिल रहे।




