Sonbhadra News : बाइक मिस्त्री हत्याकांड में वांछित एक और अभियुक्त गिरफ्तार
सदर कोतवाली पुलिस ने बीते दिनों लाठी डंडे से पीटकर हुई बाइक मिस्त्री हिमांशु गुप्ता हत्याकांड मामले में सोमवार को वांछित चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।

sonbhadra
11:17 PM, September 30, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सदर कोतवाली पुलिस ने बीते दिनों लाठी डंडे से पीटकर हुई बाइक मैकेनिक हिमांशु गुप्ता हत्याकांड मामले में सोमवार को वांछित चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि बीते 26 सितंबर को मृतका की माँ रीता गुप्ता पत्नी राजेश गुप्ता ने थाने पर लिखित सूचना दी कि उसके पुत्र हिमांशु गुप्ता को अभिजीत पुत्र अज्ञात निवासी संतनगर व सात अज्ञात लोग द्वारा लाठी डण्डे से पीटकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गयी। इस मामले में पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान अभिजीत गोस्वामी पुत्र संजय गोस्वामी, अवधेश जायसवाल पुत्र राम बृक्ष जायसवाल, अमनदेव पाण्डेय पुत्र वकील देव पाण्डेय, शनि कुमार पुत्र सुनील कुमार समस्त निवासीगण सन्तनगर, शिवा पुत्र अज्ञात, विक्की पुत्र अज्ञात व अतुल का नाम प्रकाश में आया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस अधीक्षक ने विशेष निर्देश दिए हैं, इस क्रम में पुलिस टीम ने वांछित निहाल शर्मा पुत्र रवीन्द्र नाथ शर्मा निवासी गोरडीहा, रॉबर्ट्सगंज को धर्मशाला चौराहा के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
बताते चलें कि उक्त मामले में अभिजीत, अवधेश, अमनदेव पाण्डेय व शनि कुमार, अतुल व विक्की को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्त की तलाश की जा रही है।
वहीं अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में राम सिंहासन शर्मा, अजीत यादव आदि शामिल रहे।




