Sonbhadra News : विद्यालय में बच्चों से ईंट ढुलवाए जाने के मामले में प्रधानाध्यापिका पर वार्षिक वेतनवृद्धि की कार्रवाई
प्राथमिक विद्यालय पुरनाकलां में बच्चों से ईंट ढुलवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापिका पर कार्यवाही कर दी है।

sonbhadra
6:47 PM, August 30, 2026
- लोग बोले- निलंबन की कार्यवाही होनी चाहिए थी
- पुरनाकलां विद्यालय एक प्रधानाध्यापिका और एक शिक्षामित्र के भरोसे
शांतनु कुमार/आनंद चौबे
सोनभद्र । घोरावल ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय पुरनाकलां में बच्चों से ईंट ढुलवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापिका माण्डवी कुमारी को स्पष्टीकरण जारी करने के बाद कार्यवाही करते हुए एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दिया गया है। शिक्षा विभाग आनन फानन में कार्यवाही कर मामले को शांत करने का प्रयास किया है लेकिन इस वायरल वीडियो ने जहाँ शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी वहीं इतनी बड़ी लापरवाही के लिए सिर्फ वार्षिक वेतनवृद्धि की कार्यवाही को लोग कार्यवाही नहीं मान रहे। लोगों का कहना है कि अधिकारी हमेशा विभाग को बचाने और उसकी कमियों को ढकने का काम करता है, जिसका नतीजा है कि इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। लोगों का कहना है कि निलंबन की कार्यवाही होनी चाहिए थी तभी कड़ा संदेश जाता लेकिन अधिकारी सिर्फ अपनी व विभाग की किरकिरी से बचने के लिए हल्की कार्यवाही कर मामले को शांत करने का काम किया है।
वहीं इस घटना ने विद्यालय के व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। एबीएसए अरविंद पटेल के मुताबिक विद्यालय में लगभग 50 बच्चे हैं और उनके लिए एक प्रधानाध्यापिका और एक शिक्षामित्र की तैनाती है। ऐसे में आप समझ सकते हैं कि कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को दो अध्यापक क्या और कैसे पढ़ाते होंगे । शायद यही कारण है कि बच्चे पढ़ने के बजाय बाहर इधर-उधर भटक जाते हैं।
बहरहाल बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका पर कार्यवाही कर मामले को शांत करने का प्रयास जरूर किया है लेकिन शिक्षा विभाग के हालात कब सुधरेंगे ताकि इस तरह की पुनरावृत्ति दोबारा न हो ।




